
उदित वाणी, जमशेदपुर : सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि को रोकने के उद्देश्य से 27 और 28 जनवरी को आरवीएस एकेडमी में सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसका लक्ष्य विद्यार्थियों में यातायात नियमों का पालन और सुरक्षित सड़क व्यवहार की आदत डालना था.
कार्यक्रम सड़क सुरक्षा शपथ से शुरू हुआ, जिसमें सभी ने नियमों का पालन करने का संकल्प लिया. कक्षा नवम और एकादश के छात्रों ने उत्साह से भाग लिया. हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल न इस्तेमाल और गति सीमा का पालन पर जोर दिया गया.

टाटा स्टील के सीनियर मैनेजर प्रहलाद राम और उनकी टीम ने स्कूल बस, वैन व टेम्पो चालकों-कंडक्टरों को नियमों का सख्ती से पालन करने की प्रेरणा दी. छात्रों ने प्रार्थना सभा में नुक्कड़ नाटक, क्विज और स्लोगन चार्ट्स के जरिए संदेश फैलाया.
प्रहलाद राम ने कहा, “ज्यादातर हादसे लापरवाही से होते हैं. थोड़ी सावधानी से जानें बचाई जा सकती हैं.” स्कूल अध्यक्ष बिंदा सिंह ने अपील की कि सड़क सुरक्षा हर नागरिक का कर्तव्य है, इसे जीवन का हिस्सा बनाएं.
अंत में प्राचार्या वीशा मोहिंद्रा ने कहा, “सड़क सुरक्षा नियमों का पालन नहीं, जीवन रक्षा का माध्यम है.” उन्होंने सभी से स्वयं और दूसरों को जागरूक करने का आह्वान किया.

