
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धतकीडीह इलाके में मंगलवार देर शाम अज्ञात चोरों ने ताबड़तोड़ दो बंद घरों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया. एक ही शाम हुई दो चोरी की वारदातों से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे हैं.
पहली घटना धतकीडीह बीएच एरिया रोड नंबर–2 की है. यहां नदीम खान अपने परिवार के साथ डॉक्टर के पास इलाज के लिए घर से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाते हुए चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर में घुसकर अलमारियों को खंगाल डाला. चोर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 25 हजार रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर फरार हो गए. देर शाम जब परिवार घर लौटा तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
दूसरी चोरी की घटना धतकीडीह बीएच रोड नंबर–1 स्थित क्वार्टर नंबर 80 में हुई. यहां पीड़ित व्यक्ति ड्यूटी पर गया हुआ था, जबकि उसकी पत्नी मायके गई हुई थी. घर पूरी तरह सूना पाकर चोरों ने ताला तोड़ा और अंदर से 25 हजार रुपये नकद, लगभग 30 ग्राम चांदी के जेवर और कई सोने की अंगूठियां लेकर फरार हो गए.
दोनों मामलों की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

