
उदित वाणी, नई दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद विनोद तावड़े ने राज्यसभा के नवनिर्वाचित उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह से उनके आवास पर आत्मीय मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की। तावड़े ने इस अवसर पर उपसभापति को छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित प्रेरणादायी पुस्तक ‘शिवाजी द ग्रेट मराठा’ भेंट की।
विनोद तावड़े ने हरिवंश नारायण सिंह को राज्यसभा के उपसभापति के रूप में लगातार तीसरी बार चुने जाने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि हरिवंश जी का पुनर्निर्वाचन सदन के संचालन में उनकी निष्पक्षता, गरिमा और कुशल नेतृत्व का सशक्त प्रमाण है। उनकी कार्यशैली ने सदन की मर्यादा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
उल्लेखनीय है कि 17 अप्रैल को हरिवंश नारायण सिंह को तीसरी बार राज्यसभा का उपसभापति चुना गया था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा था कि उनका निर्विरोध निर्वाचन सदन के हर सदस्य के उनके प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक है। पीएम मोदी ने राज्यसभा में उनके संतुलित दृष्टिकोण और परिपक्वता की प्रशंसा की थी, जो सदन के वातावरण को गरिमामय बनाती है।
प्रधानमंत्री ने सदन में यह भी जिक्र किया था कि 17 अप्रैल का दिन विशेष है क्योंकि इसी दिन पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जन्मजयंती होती है। हरिवंश नारायण सिंह का चंद्रशेखर जी से गहरा जुड़ाव रहा है। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में हरिवंश जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे विशेष दिन पर इस जिम्मेदारी को फिर से संभालना एक सुखद संयोग है।

