
उदित वाणी, नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ आजादपुर स्थित टीपीटी सेंटर झुग्गी के पास बदमाशों ने एक दंपती पर चाकू से हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में राखी नामक महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति आशु गंभीर रूप से घायल हैं।
बेटे का मोबाइल छीनने का विरोध पड़ा भारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब तीन स्थानीय लड़कों ने पीड़ित दंपती के बेटे का मोबाइल फोन छीन लिया। जब आशु और उनकी पत्नी राखी ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। यह बहस देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई, जहाँ बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से वार करना शुरू कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना की सूचना रविवार रात करीब 9:01 बजे पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने घायल आशु को तुरंत बीजेआरएम अस्पताल में भर्ती कराया। राखी को भी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपियों की पहचान स्थानीय निवासी ऋतिक, कुणाल और अरबाज के रूप में हुई है।
क्राइम और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीमों को बुलाया गया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घायल आशु के बयान दर्ज होने के बाद औपचारिक एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

