
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां: जिले की नई पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं का स्पष्ट संकेत दे दिया है। उन्होंने साफ कहा कि महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों का त्वरित, संवेदनशील और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
एसपी ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए एक सशक्त और प्रभावी रणनीति तैयार की जा रही है। इस रणनीति के तहत अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने दो टूक कहा कि सरायकेला-खरसावां को अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता और गंभीरता के साथ काम करेगी
पदभार ग्रहण के मौके पर जिला पुलिस द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया, चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद बिंद्रा, डीएसपी सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
नवपदस्थापित एसपी निधि द्विवेदी ने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे टीम भावना के साथ कार्य करें और आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, और इसे बनाए रखना ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

