
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा प्रखंड के लावा पंचायत भवन में सोमवार को बैंक ऑफ इंडिया की ओर से वित्तीय समावेशन कैंप का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया मुख्यालय, मुंबई से आए महाप्रबंधक शंकर सेन ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, री-केवाईसी, जनधन योजना और अटल पेंशन योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी.
खाताधारियों से अपील
आंचलिक प्रबंधक पंकज कुमार मिश्रा ने कहा कि बैंक ऑफ इंडिया के सभी खाताधारी जल्द से जल्द री-केवाईसी करवाएं. उन्होंने सलाह दी कि लोग अपने और परिवार के सदस्यों को पीएमएसबीवाई और पीएमजेजेबीवाई योजना से अवश्य जोड़ें.
पीड़ित परिवारों को सहायता
इस मौके पर दो पीड़ित परिवारों के नामित सदस्यों को 2-2 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया. साथ ही, जेएसएलपीएस द्वारा संचालित महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) को स्वरोजगार हेतु ऋण उपलब्ध कराया गया.
बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी
कैंप में 200 से अधिक ग्रामीण शामिल हुए. कार्यक्रम में महाप्रबंधक शंकर सेन, आंचलिक प्रबंधक पंकज कुमार मिश्रा, अग्रणी जिला प्रबंधक संजीव चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि नीलिमा डुंगडुंग, बैंक शाखा प्रबंधक आराधना कुमारी, सहायक प्रबंधक नाथुनी सिंह तथा जेएसएलपीएस के अधिकारी उपस्थित थे.
बीमा योजनाओं का लाभ
बीमा अभिकर्ता प्रियरंजन दास ने बताया कि बोड़ाम निवासी भादू महतो को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत केवल 12 रुपये प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का क्लेम मिला. वहीं पटमदा की महुलबना निवासी नमिता प्रमाणिक को उनके पति की प्राकृतिक मृत्यु पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 436 रुपये प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का चेक दिया गया.

