उदित वाणी, रांची : झारखंड के कल्याण विभाग के अंतर्गत राज्य के छात्र-छात्राओं के बीच अब मुफ्त ई-साइकिल वितरित किया जायेगा. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने साइकिल वितरण योजना की उच्च स्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि वर्तमान आवश्यकताओं एवं बदलते परिप्रेक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को अब पारंपरिक साइकिल के स्थान पर आधुनिक ई-साइकिल उपलब्ध कराई जाए. इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को एक समन्वित एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया.
तीन विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए कल्याण विभाग, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा उद्योग विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं. हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के दूरस्थ, ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले छात्र-छात्राओं के लिए विद्यालय तक पहुंचना आज भी एक बड़ी चुनौती होती है. ऐसी स्थिति में ई-साइकिल जैसी आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराना न केवल उनकी शिक्षा तक पहुंच को आसान बनाएगा, बल्कि स्कूलों में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में भी बेहद सहायक सिद्ध होगा.
समयबद्ध ढंग से मिलेगा लाभ, पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि इस योजना का लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों को पूरी तरह समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी पढ़ाई में किसी भी प्रकार की बाधा न आए और वह प्रभावित न हो.
रोजगार के लिए क्षेत्र-विशेष आधारित कौशल प्रशिक्षण मॉड्यूल होगा तैयार
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कौशल विकास के अंतर्गत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों की भौगोलिक एवं आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र-विशेष आधारित कौशल प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि उद्योगों, स्थानीय उद्यमों एवं सेवा क्षेत्रों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित किए जाएं, जिनसे राज्य के युवाओं को प्रशिक्षण पूरा होने के तुरंत बाद रोजगार या स्वरोजगार के बेहतरीन अवसर प्राप्त हो सकें.
मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना की समीक्षा और लाभुकों से सीधा संवाद
इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की भी विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने सभी कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी, समयबद्ध एवं लक्ष्य आधारित ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. बैठक के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के लाभुकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया. इस दौरान सीएम ने लाभुकों से योजना से प्राप्त ऋण, व्यवसाय संचालन, मासिक आय एवं बैंकिंग सहयोग की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी हासिल की. इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्यार्थियों को एसआईआर (SIR) एवं जनगणना के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम संचालित किए जाएं.


