
उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान से पहले प्रशासन ने प्री-एसआईआर प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके तहत आज रविवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मौजूद रहेंगे।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं की मैपिंग सुनिश्चित करना है, ताकि आगामी एसआईआर के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
2003 के मतदाता होने का देना होगा प्रमाण
प्रशासन के निर्देशानुसार, ऐसे नए मतदाता जिन्होंने अब तक अपनी मैपिंग नहीं कराई है, उन्हें यह प्रमाण देना होगा कि वर्ष 2003 में वे या उनके माता-पिता अथवा दादा-दादी देश के किसी हिस्से में मतदाता सूची में शामिल थे।
यदि कोई व्यक्ति उस समय मतदाता नहीं था, तो उसे अपने परिजनों के मतदाता होने का दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। प्रमाण देने वाले मतदाताओं की मैपिंग तत्काल कर दी जाएगी।
प्रमाण नहीं देने पर मिलेगा नोटिस
जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाएगी, उन्हें निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) की ओर से व्यक्तिगत नोटिस जारी किया जाएगा। ऐसे मतदाताओं को निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर अपने मतदाता होने का प्रमाण देना अनिवार्य होगा।
निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने पर उनका नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है।
28 और 29 मार्च को फिर लगेगा शिविर
जिला प्रशासन की ओर से 28 और 29 मार्च को भी सभी बूथों पर प्री-एसआईआर मैपिंग के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मतदाता इस प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
संभावना जताई जा रही है कि पूरे झारखंड में अप्रैल के पहले सप्ताह से एसआईआर अभियान की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी।
मतदाता सूची शुद्धिकरण पर रहेगा जोर
जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के अपने पते पर नहीं रहने की चर्चा है। हालांकि फिलहाल उनके नाम नहीं हटाए जा रहे हैं, लेकिन एसआईआर के दौरान सत्यापन नहीं होने पर ऐसे नाम सूची से हटाए जा सकते हैं।
प्रशासन का मानना है कि इस प्रक्रिया से मतदाता सूची अधिक सटीक होगी और मतदान प्रतिशत में सुधार आएगा। उल्लेखनीय है कि इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में हाल के चुनावों में मतदान प्रतिशत 60 फीसदी से कम ही रहा है।
(मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026, Voter List Mapping Jamshedpur, जमशेदपुर वोटर आईडी अपडेट, Pre-SIR Campaign Jharkhand, मतदाता सूची में 2003 का प्रमाण, बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) शिविर, जमशेदपुर चुनाव समाचार, पूर्वी सिंहभूम मतदाता पुनरीक्षण, वोटर लिस्ट से नाम हटाना, ईआरओ नोटिस)
Advertisement
<

