
उदित वाणी, जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम के विधायक श्री सरयू राय ने दिव्यज्योति नेतृहीन संस्थान का पुनः उद्घाटन करते हुए स्कूल के नवजीवन की शुरुआत की। यह कार्यक्रम रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट एवं रोटरी क्लब ऑफ स्टील सिटी के संयुक्त प्रयासों से आयोजित किया गया। स्कूल की स्थिति जर्जर होने और आर्थिक संसाधनों की कमी के चलते बच्चों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही थी। इस परिस्थिति को देखते हुए दोनों रोटरी क्लबों ने मिलकर न सिर्फ स्कूल के भवन एवं बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया, बल्कि बच्चों के लिए टेबल-चेयर, सुरक्षित आने-जाने के वाहन, दो नियमित शिक्षक तथा एक केयरटेकर की व्यवस्था भी की।
अब यहां लगभग 30 बच्चों की पढ़ाई संभव है तथा लक्ष्य है कि एक वर्ष में 30 विद्यार्थी नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त करें। समारोह में मुख्य अतिथि श्री सरयू राय ने रोटरी क्लब के प्रयासों की सराहना की और कहा कि यदि भविष्य में रोटरी क्लब विद्यालय के दूसरे चरण के कार्य को पूरा करता है, तो वे संस्थान की दूसरी मंजिल पर दिव्यांग बच्चों के लिए हॉस्टल भवन निर्माण में सहयोग देंगे। इस अवसर पर कृष्ण मुरारी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री कृष्ण मुरारी गुप्ता ने भी आगे सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में अद्यक्षता रोटरी क्लब वेस्ट के श्री अशोक झा ने की और विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। स्कूल की संचालिका श्रीमती रीमा भट्टाचार्जी की उपस्थिति एवं बड़ी संख्या में बच्चों और अतिथियों की सहभागिता से समारोह उल्लासमय रहा।
