
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र में मून सिटी साईं मंदिर के समीप हाल ही में हुई सनसनीखेज चापड़बाजी की घटना में पुलिस ने तेजी और तत्परता दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. इस गंभीर वारदात में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में फैली दहशत का माहौल अब काफी हद तक शांत हुआ है.
उलीडीह थाना प्रभारी मो. शारिक अली के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राहुल शर्मा (शर्मा लाइन, उलीडीह), शुभम सिंह (बगान एरिया, बालीगुमा), अनीस मिश्रा उर्फ अनीस सिंह (त्रिवेणी किशोरी कॉम्प्लेक्स, उलीडीह), वरुण पाल (आशा पैलेस, उलीडीह) और अनीस सिंह (ओल्ड पुरुलिया रोड) शामिल हैं. सभी आरोपियों को गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया.
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पूर्व इन आरोपियों ने क्षितिज सिंह नामक युवक पर धारदार हथियार (चापड़) से जानलेवा हमला किया था. हमले के बाद क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था. घायल युवक के परिजनों की शिकायत पर उलीडीह थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित जांच शुरू कर दी.
लगातार छापेमारी और सटीक रणनीति के तहत पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. थाना प्रभारी ने बताया कि इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

