
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना अंतर्गत लिंक रोड पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, घायलों की पहचान आदित्यपुर-1 श्रीनिधि अपार्टमेंट, एस-टाइप बैंक कॉलोनी निवासी प्रतीक चौधरी और हरी ओम नगर रोड नंबर-5 निवासी आयुष यादव के रूप में हुई है। दोनों मित्र रात में कदमा लिंक रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान मोड़ पर तेज रफ्तार स्विफ्ट डिज़ायर (संख्या जेएच05सीडी3303) ने उनकी बाइक (संख्या जेएच05ईए5519) को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
इस टक्कर में प्रतीक चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई है और डॉक्टरों ने ब्रेन फ्रैक्चर की पुष्टि की है। वर्तमान में उन्हें टीएमएच (टाटा मुख्य अस्पताल) में वेंटिलेटर पर रखा गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और होश नहीं आया है। वहीं, आयुष यादव को पैर, कमर और चेहरे पर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही शिवम पाठक और उनके साथियों ने घायलों को तत्काल टीएमएच पहुंचाया। पुलिस ने कार का नंबर ट्रेस कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

