
उदित वाणी , झारखंड: जिला बार एसोसिएशन के पुराने बार भवन में शुक्रवार को लॉयड डिफेंस संस्था द्वारा पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक घाटशिला स्वर्गीय टीका राम मांझी की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्व. टीकाराम माझी द्वारा जिला बार एसोसिएशन में किए गए विकास कार्यों को याद करना और उनके विचारों को आत्मसात करना रहा।
संस्था के अध्यक्ष परमजीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि स्व. माझी के सिद्धांतों को अपनाते हुए अधिवक्ताओं के बीच एकता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के बीच किसी भी प्रकार का जातिवाद या भेदभाव नहीं होना चाहिए और सभी को एकजुट होकर पेशे के सम्मान एवं विकास के लिए कार्य करना चाहिए।
साथ ही अधिवक्ताओं की आय के स्रोत बढ़ाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए बार एसोसिएशन के वरीय पदाधिकारियों से वार्ता करने की बात भी कही गई। कार्यक्रम में नोटरी पब्लिक डी.एन. सिंह, अक्षय कुमार झा, केशव सिंह, विनोद कुमार, चौहान जी, रविंद्र ठाकुर, पी.पी. भगत, जसपाल भाई, संजय कुमार, विवेक प्रसाद, आशीष दत्त, विद्युत नंदी सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे। अंत में अधिवक्ता संजीवनी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

