
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र में चोरों ने अनोखे तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। टी एंड बी नर्सिंग होम के बगल स्थित रिज़वान शरीफ के घर को निशाना बनाया गया। घटना की जानकारी खुद घर मालिक ने दी।
रिज़वान शरीफ के अनुसार शनिवार शाम लगभग 6 बजे पूरा परिवार राजमहल गया हुआ था। रविवार शाम लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य गेट पर पहले से लगे ताले के ऊपर एक अतिरिक्त ताला बंद है। संदेह होने पर उन्होंने तत्काल कपाली ओपी पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने उन्हें सलाह दी कि पहले अपने स्तर से ताला तोड़कर घर की जांच करें। इसके बाद जब रिज़वान शरीफ ने ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया, तो पाया कि अलमारी से 10 हज़ार रुपये नकद गायब थे। हालांकि, अलमारी के हिडन कैविटी में रखे सोने के जेवर सुरक्षित मिले। उन्होंने आशंका जताई कि चोर संभवतः जल्दबाजी में सभी हिस्सों की जांच नहीं कर पाए, जिसके कारण कीमती आभूषण चोरी से बच गए।
खास बात यह रही कि घर के अन्य सामान में किसी तरह की अव्यवस्था नहीं थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि पड़ोसियों को शक न हो, इसके लिए चोरों ने बाहर से दूसरा ताला लगाकर स्थिति सामान्य दिखाने की कोशिश की।
फिलहाल खबर लिखे जाने तक कपाली ओपी में इस मामले को लेकर किसी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही शिकायत मिलेगी, अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। स्थानीय लोग अब सतर्क रहने और रात के समय निगरानी बढ़ाने की सलाह दे रहे हैं।

