
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर के ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित संस्थान दी मिलानी द्वारा बांग्ला नववर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या में कोलकाता से आए प्रख्यात संगीत कलाकारों ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्सव के माहौल में समाज सेवा के क्षेत्र में मिसाल पेश करने वाली हस्तियों को सम्मानित करना कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन को ‘ह्यूमैनिटी फर्स्ट अवार्ड’
मानव कल्याण के क्षेत्र में पिछले तीन दशकों से निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही संस्था प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) को दी मिलानी द्वारा “ह्यूमैनिटी फर्स्ट अवार्ड (मानव सेवा सम्मान)” से नवाजा गया। वहीं, समाज सेवा में विशिष्ट योगदान देने वाली मौसमी भट्टाचार्य को “हार्ट ऑफ गोल्ड अवार्ड” प्रदान कर उनकी सेवाओं को सराहा गया।
तीन दशकों से जारी है सेवा का संकल्प: टीम PSF का योगदान
गौरतलब है कि टीम पीएसएफ पिछले 30 वर्षों से सामाजिक सरोकारों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। संस्था के कार्यों की सूची अत्यंत प्रभावशाली है:
रक्तदान: नियमित रक्तदान एवं एसडीपी (SDP) डोनेशन अभियान का सफल संचालन।
भोजन सेवा: पिछले 15 वर्षों से प्रतिदिन लगभग 200 जरूरतमंदों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराना।
ग्रामीण विकास: सुदूर गांवों में ‘इज्जत घर’ (शौचालय) का निर्माण।
शिक्षा एवं उत्थान: आदिवासी और सबर समुदाय के बच्चों की शिक्षा और उनके जीवन स्तर को सुधारने हेतु निरंतर प्रयास।
शेखर डे (श्रीलेदर) ने प्रदान किया सम्मान
यह सम्मान दी मिलानी के अध्यक्ष और जाने-माने समाजसेवी शेखर डे (श्रीलेदर, बिष्टुपुर) के हाथों प्रदान किया गया। समारोह में मंच पर टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार के साथ कुमारेस हाजरा, उत्तम कुमार गोराई, रवि शंकर और शुभेंदु मुखर्जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अरिजीत सरकार ने इस सम्मान को अपनी पूरी टीम को समर्पित करते हुए भविष्य में सेवा कार्यों को और अधिक विस्तार देने का संकल्प व्यक्त किया।

