
उदित वाणी जमशेदपुर : ट्रेनों के जरिए गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में फरार चल रहे उस्मान उर्फ छोटू और रोहन कुमार की गिरफ्तारी के लिए रेल पुलिस अब यूपी और बिहार में दबिश देने की तैयारी कर रही है। टाटानगर स्टेशन पर हाल ही में हुई छापेमारी के दौरान दोनों आरोपी प्लेटफॉर्म पर गांजा छोड़कर फरार हो गए थे, जिसके बाद से उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
इस कार्रवाई में आरपीएफ और जीआरपी ने मौके से चार तस्करों—अजय कुमार, रवि कुमार, मोहित सिंह और राजा सोनार—को गिरफ्तार किया था, जो पश्चिम चंपारण के निवासी बताए जा रहे हैं। इनके पास से कुल 75 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने फरार साथियों उस्मान और रोहन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी, जिसके आधार पर अब पुलिस कार्रवाई का दायरा बढ़ा रही है।
रेल पुलिस ने बरामद गांजा को जिला न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। कोर्ट के निर्देश पर अब इसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट लेने की तैयारी भी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान ओडिशा कनेक्शन भी सामने आया है। आशंका है कि तस्कर ओडिशा के कुछ शहरों से गांजा लाकर ट्रेन के जरिए बिहार और यूपी में सप्लाई करते हैं। इसी को देखते हुए रेल पुलिस की टीम ओडिशा में भी संभावित ठिकानों पर छापेमारी करेगी।
गौरतलब है कि 8 अप्रैल को टाटानगर स्टेशन पर यह छापेमारी चक्रधरपुर मंडल आरपीएफ उड़नदस्ता टीम के एएसआई बलवीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई थी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

