
उदित वाणी,जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सख्ती दिखाते हुए बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान रेल संपत्ति चोरी समेत विभिन्न मामलों में फरार चल रहे छह वारंटियों को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया गया। लंबे समय से फरार इन आरोपियों की तलाश की जा रही थी, जिन्हें आखिरकार आरपीएफ ने धर दबोचा।
वहीं मंगलवार को भी स्टेशन और लोकल ट्रेनों में औचक जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में करीब दर्जनभर लोगों को रेलवे नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया। इनमें महिला कोच में यात्रा कर रहे पुरुष, दिव्यांग कोच में बैठे स्वस्थ यात्री और बिना अनुमति सामान बेचने वाले अवैध हॉकर शामिल थे।
पकड़े गए सभी आरोपियों को टाटानगर रेलवे कैंप कोर्ट में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद सभी ने जुर्माना अदा किया और उन्हें रिहा कर दिया गया। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार जारी रहेगा।

