
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी से मोबाइल चोरी की एक घटना का त्वरित खुलासा हुआ है। रेलवे सुरक्षा बल और सरकारी रेल पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए न केवल आरोपी को दबोचा, बल्कि यात्री का चोरी हुआ मोबाइल भी सुरक्षित बरामद कर लिया।
टिकट काउंटर पर हुई थी चोरी, हेल्पलाइन 139 ने दिखाई राह
घटना 19 अप्रैल 2026 की रात की है। ओडिशा के बारीपदा निवासी यात्री भवानी शंकर सिंह टाटानगर स्टेशन के टिकट घर में मौजूद थे, तभी उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया। यात्री ने बिना देर किए रेलवे सहायता नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और स्टेशन पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
CCTV फुटेज से हुई पहचान, कीताडीह का मनीष सिंह गिरफ्तार
जांच टीम ने स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक की पहचान हुई। निगरानी बढ़ाते हुए टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का मोबाइल बरामद हुआ। आरोपी की पहचान मनीष सिंह (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कीताडीह के त्रिमूर्ति चौक का रहने वाला है। मनीष ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
RPF और GRP की संयुक्त टीम को मिली बड़ी सफलता
इस सफल कार्रवाई का नेतृत्व RPF पोस्ट कमांडर राकेश मोहन और GRP थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने किया। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और यात्रियों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहें।

