उदित वाणी जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आगामी निरीक्षण को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक के प्रस्तावित दौरे से पूर्व चक्रधरपुर मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने शनिवार को स्टेशन और आसपास चल रहे विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने स्टेशन विकास योजना के तहत प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने यह भी देखा कि सड़क निर्माण में बाधा बन रहे रेलवे के पुराने क्वार्टर और अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया किस स्थिति में है। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि ट्रैफिक कॉलोनी क्षेत्र में स्थित अवैध अतिक्रमण को जल्द हटाया जाएगा, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।
इसके बाद डीआरएम बागबेड़ा स्थित लाल बिल्डिंग परिसर में पहुंचे, जहां रेलवे स्कूल में बनाए गए मल्टी ट्रेनिंग सेंटर का निरीक्षण किया। यह अत्याधुनिक केंद्र कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए तैयार किया गया है, जिसका उद्घाटन 23 मार्च को महाप्रबंधक द्वारा किया जाएगा।
टाटानगर स्टेशन परिसर में नई पार्किंग व्यवस्था को लेकर चल रहे निर्माण कार्य पर भी डीआरएम ने गंभीरता दिखाई और अधिकारियों को इसे जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा हाई मास्ट लाइट, पोर्टिको और वीआईपी लाइन में जारी कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बताया जाता है कि टाटानगर के बाद डीआरएम ने सीनी समेत अन्य स्टेशनों का भी दौरा किया और वहां चल रही विकास योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे की सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी हों, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्टेशन का स्वरूप आधुनिक बनाया जा सके।


