
उदित वाणी,जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे क्षेत्र के आसपास अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग द्वारा बुधवार को बर्मामाइंस और गुदरी बाजार इलाके में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी है, जिससे अभियान को कानूनी और प्रशासनिक मजबूती मिल गई है।
चक्रधरपुर मंडल से प्राप्त निर्देश के बाद यह कदम उठाया गया है। जानकारी के अनुसार, रेलवे पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर चुका है, ताकि वे स्वेच्छा से जमीन खाली कर दें। इसके बावजूद कई स्थानों पर अतिक्रमण बरकरार रहने के कारण अब प्रशासन ने सख्ती दिखाने का निर्णय लिया है।
रेलवे द्वारा प्रस्तावित स्टेशन विकास और निर्माण कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के लिए यह कार्रवाई जरूरी मानी जा रही है। अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बागबेड़ा थाना, बर्मामाइंस थाना और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को पहले ही अलर्ट कर दिया गया है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, 22 और 28 अप्रैल को भी इसी तरह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने में किसी तरह की बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गई है, ताकि विकास कार्यों में कोई रुकावट न आए।

