
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटानगर से जयपुर के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू करने का बहुप्रतीक्षित प्रस्ताव फिलहाल रेल मंत्रालय के पास लंबित है। इस संबंध में रेलवे के कार्यपालक निदेशक (जन शिकायत) विकास जैन ने सांसद बिद्युत वरण महतो को अवगत कराया है कि प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा जा चुका है और अब केवल शीर्ष स्तर से अंतिम मुहर लगने का इंतजार है। इस ट्रेन के शुरू होने से राजस्थान जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा होगी।
बेंगलुरु के लिए नई ट्रेन की मांग: मरीज और छात्रों को मिलेगी राहत
सांसद बिद्युत वरण महतो ने टाटानगर से बेंगलुरु के लिए एक नई ट्रेन शुरू करने की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस ट्रेन को खड़गपुर, भुवनेश्वर और आंध्र प्रदेश होते हुए काटपाडी के रास्ते चलाया जाना चाहिए। सांसद का तर्क है कि इलाज और उच्च शिक्षा के लिए जमशेदपुर से बड़ी संख्या में लोग दक्षिण भारत जाते हैं, ऐसे में सीधी ट्रेन सेवा इन लोगों के लिए संजीवनी साबित होगी।
मुंबई अंत्योदय एक्सप्रेस को फिर से शुरू करने की अपील
कोरोना काल के दौरान बंद की गई टाटानगर-मुंबई अंत्योदय एक्सप्रेस को फिर से पटरी पर लाने की मांग भी सांसद ने दोहराई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह ट्रेन आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के यात्रियों के लिए आवागमन का एक सुलभ और सस्ता माध्यम थी। इसके बंद होने से आम यात्रियों को मुंबई जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
रेल मंत्रालय के फैसले पर टिकीं जमशेदपुर वासियों की नजरें
इन मांगों के बाद अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें रेल मंत्रालय के आगामी फैसलों पर टिकी हैं। यदि जयपुर और बेंगलुरु के लिए नई ट्रेनों को मंजूरी मिलती है, तो यह कोल्हान क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात होगी।

