
उदित वाणी पटमदा: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. करीब 10 बजे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बस ने आगे चल रही पिकअप वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भिड़ंत में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका शीशा टूटकर सड़क पर बिखर गया. गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया.
जलडहर के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सिक्सर बस निरसा से यात्रियों को लेकर जमशेदपुर की ओर जा रही थी. जैसे ही बस पटमदा थाना क्षेत्र के जलडहर के पास पहुँची, उसके आगे चल रही पिकअप वैन अचानक साइड लेकर रुक गई. बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे वैन के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी.
हंगामे के बाद चालक ने मानी गलती
टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और बस व वैन चालक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. शुरुआती तौर पर बस चालक ने वैन चालक को ही घटना का जिम्मेदार ठहराया. हालांकि, वहां मौजूद स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप और समझाने के बाद बस चालक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली. विवाद सुलझने के बाद बस चालक यात्रियों को लेकर जमशेदपुर के लिए रवाना हो गया.
तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग
टाटा-पटमदा मुख्य मार्ग पर आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं से स्थानीय लोग चिंतित हैं. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस मार्ग पर चलने वाली बसें और अन्य भारी वाहन अक्सर तय सीमा से अधिक रफ्तार में होते हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जलडहर और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए उचित कदम उठाए जाएं.

