
उदित वाणी, जमशेदपुर: संवाददाता: सुंदरनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना रेलवे स्टेशन के समीप हुई। सूचना मिलने पर सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान लक्ष्मी मुर्मू (34) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से परसुडीह के सरजामदा क्षेत्र की रहने वाली थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से सुंदरनगर में अपने मामा के घर रह रही थी। घटना के संबंध में मृतका के पति अरविंद मांझी ने बताया कि वह ओडिशा के बड़बिल स्थित एसबीआई में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी पिछले लंबे समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित थी और पिछले दो माह से रांची में उसका इलाज चल रहा था।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच लक्ष्मी घर से यह कहकर निकली थी कि वह टहलने जा रही है। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जानकारी मिली कि उसने रेलवे ट्रैक पर बादामपहाड़ एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका अपने पीछे पति और दो बच्चों को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

