
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक टी.वी. नरेंद्रन का वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल पारिश्रमिक बढ़कर 20.66 करोड़ रुपये पहुंच गया है। कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। बेहतर वित्तीय प्रदर्शन के आधार पर उन्हें 15 करोड़ रुपये का प्रदर्शन आधारित कमीशन प्रदान किया गया, जिससे उनके कुल पारिश्रमिक में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार नरेंद्रन का मूल वेतन 2.34 करोड़ रुपये रहा, जबकि भत्ते एवं अन्य परिलब्धियां 3.22 करोड़ रुपये रहीं। इस प्रकार उनका कुल स्थायी वेतन 5.66 करोड़ रुपये रहा। इसके अतिरिक्त बोर्ड द्वारा स्वीकृत 15 करोड़ रुपये के कमीशन को जोड़ने पर उनका कुल पारिश्रमिक 20.66 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) कौशिक चैटर्जी को भी वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 16.39 करोड़ रुपये का पारिश्रमिक प्राप्त हुआ। इसमें 10.50 करोड़ रुपये का प्रदर्शन आधारित कमीशन शामिल है। टाटा स्टील ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में मजबूत कारोबारी प्रदर्शन दर्ज किया। कंपनी का समेकित राजस्व बढ़कर 2.32 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि शुद्ध लाभ तीन गुना बढ़कर 10,793 करोड़ रुपये से अधिक हो गया। कंपनी के बेहतर वित्तीय परिणामों और परिचालन उपलब्धियों को देखते हुए वरिष्ठ प्रबंधन को प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, नरेंद्रन और चैटर्जी दोनों ने वर्ष के दौरान आयोजित कंपनी की सभी छह बोर्ड बैठकों में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं, टाटा समूह के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन ने कंपनी की नीति के तहत किसी भी प्रकार का कमीशन लेने से इनकार किया। उन्हें केवल बोर्ड बैठकों में भाग लेने के लिए निर्धारित बैठक शुल्क का भुगतान किया गया। कंपनी के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन और लाभप्रदता में सुधार के साथ शीर्ष प्रबंधन के पारिश्रमिक में भी वृद्धि देखने को मिली है।

