
उदित वाणी,जमशेदपुर: यात्रियों की बढ़ती मांग और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर स्टेशन होकर गुजरने वाली चार स्पेशल ट्रेनों की समय सारणी जारी कर दी है। इन ट्रेनों के संचालन से कोल्हान क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
जारी शेड्यूल के अनुसार, दुर्ग-शालीमार स्पेशल ट्रेन 29 और 30 अप्रैल को अप और डाउन दिशा में चलेगी। वहीं रायपुर से खड़गपुर के बीच 23 और 24 अप्रैल को स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। इसके अलावा संबलपुर से शालीमार के बीच टाटानगर होते हुए 22 से 29 अप्रैल तक स्पेशल ट्रेन दो फेरे लगाएगी, जिससे यात्रियों को लगातार सुविधा मिलेगी। बिलासपुर-शालीमार स्पेशल ट्रेन 25 और 26 अप्रैल को अप-डाउन करेगी।
इन विशेष ट्रेनों के संचालन से टाटानगर, चक्रधरपुर, घाटशिला, चाकुलिया और खड़गपुर समेत आसपास के स्टेशनों के यात्रियों को राहत मिलेगी। खासकर गर्मी के मौसम में बढ़ती भीड़ के बीच यह पहल काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। स्पेशल ट्रेनों से न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि लंबी दूरी के यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन विकल्प भी मिल सकेगा।

