
उदित वाणी,जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में चल रहे लाइन ब्लॉक कार्य के कारण रेल परिचालन प्रभावित हो गया है। इसी कड़ी में 23 अप्रैल को हटिया-टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस तथा झारग्राम-पुरुलिया-झारग्राम मेमू ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी। उल्लेखनीय है कि ये दोनों ट्रेनें 21 अप्रैल, मंगलवार को भी रद्द रही थीं, जिससे यात्रियों की मुश्किलें लगातार बनी हुई हैं।
इसके अलावा टाटानगर-आसनसोल मेमू का परिचालन भी प्रभावित रहेगा। यह ट्रेन 21 और 23 अप्रैल को अपने निर्धारित गंतव्य के बजाय केवल आद्रा तक ही संचालित की जाएगी। वहीं, टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस का मार्ग 22 और 25 अप्रैल को परिवर्तित कर चांडिल के रास्ते चलाया जाएगा।
लगातार रद्द और परिवर्तित हो रही ट्रेनों का सीधा असर झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच दैनिक यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों पर पड़ रहा है। विशेषकर मेमू ट्रेनों के रद्द होने से नौकरीपेशा, छात्र और छोटे व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे द्वारा किए जा रहे तकनीकी कार्य आवश्यक जरूर हैं, लेकिन यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था नहीं मिलने से नाराजगी भी देखने को मिल रही है। यात्रियों ने रेलवे से बेहतर सूचना और विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की है।

