
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब कागल नगर रोड स्थित भूतनाथ मंदिर के पास एक पांच मंजिला आवासीय टावर के तीसरे फ्लोर पर अचानक आग लग गई. आग फ्लैट नंबर 3/9 में लगी, जहां एसी के आउटडोर यूनिट में हुए विस्फोट के बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं.
घटना के समय फ्लैट की मालकिन बेला बक्सी घर में अकेली मौजूद थीं. अचानक तेज धमाके के साथ उठी आग और धुएं ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते धुआं पूरे अपार्टमेंट में फैल गया, जिससे अन्य फ्लैटों में रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सभी निवासी तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए, जिससे अपार्टमेंट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हालांकि, स्थानीय लोगों की तत्परता और समझदारी ने बड़ी दुर्घटना को टाल दिया. दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही निवासियों ने मिलकर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था. सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को पूरी तरह बुझाया गया.
इसी बीच सोनारी थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. हालांकि, फ्लैट में रहने वाली महिला को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है.

