उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से जिला प्रशासन के सहयोग से चैम्बर भवन बिष्टुपुर में एसआईआर मैपिंग, वोटर आईडी एवं आधार कार्ड कैंप का आयोजन किया गया. इस कैंप में व्यवसायी, उद्यमी एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
कैंप के दौरान कुल 98 लोगों ने एसआईआर मैपिंग, 105 लोगों ने वोटर आईडी से संबंधित कार्य एवं 96 लोगों ने आधार कार्ड से संबंधित सेवाओं का लाभ उठाया. उपस्थित लोगों ने मतदाता सूची में एसआईआर-2003 से मैपिंग, पुराने वोटर आईडी कार्ड में त्रुटि सुधार, नए वोटर आईडी कार्ड हेतु आवेदन, आधार कार्ड में सुधार एवं नया आधार कार्ड बनवाने जैसे कार्य कराए.
इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चैंबर के आग्रह पर इस कैंप के आयोजन की अनुमति प्रदान की गई, जो झारखंड में प्रारंभ होने वाली एसआईआर प्रक्रिया को देखते हुए अत्यंत आवश्यक थी.
उन्होंने बताया कि कैंप के संचालन हेतु उपायुक्त कार्यालय से कम्प्यूटर ऑपरेटर (निर्वाचन) रामस्वरूप राम, सुलभ मंडल, दीपक कुमार, अविनाश भंज एवं अमित कुमार पांडेय को प्रतिनियुक्त किया गया था. सभी कर्मियों ने पूरी निष्ठा एवं तन्मयता से कार्य करते हुए लगभग 300 लोगों की समस्याओं का समाधान किया. चैम्बर ने जिला प्रशासन एवं सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया.
कैंस से लोगों को सुविधा हुई
अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार के कैंप से व्यापारी वर्ग एवं नौकरीपेशा लोगों को काफी सहूलियत मिलती है, क्योंकि व्यस्तता एवं समयाभाव के कारण वे अन्य स्थानों पर जाकर ऐसे कार्य नहीं करा पाते हैं. उन्होंने कैंप के संयोजक चैम्बर सदस्य भव्या मेहता एवं महेश संघी का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने चैम्बर एवं जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर कैंप को सफल बनाया.
कैंप के सफल आयोजन में उपाध्यक्ष अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, सचिव अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव सुरेश शर्मा, लिपु बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए. अनिल रिंगसिया सहित कॉ-ऑप्टेड सदस्य मनोज गोयल, कार्यसमिति सदस्य प्रतीक अग्रवाल, पीयूष गोयल, अमीष अग्रवाल, उमेश खीरवाल, मोहित मूनका, विकास गढ़वाल एवं पंकज पटेल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया.


