
उदित वाणी, जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित न्यू केबुल टाउन सामुदायिक भवन मैदान में आगामी 23 अप्रैल से 1 मई 2026 तक श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। आयोजन की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं। मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर के नेतृत्व में समिति इस नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान को आध्यात्मिक ऊर्जा के महापर्व के रूप में तैयार कर रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
महायज्ञ का शुभारंभ 23 अप्रैल को ओल्ड केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर (बिरला मंदिर) से निकलने वाली भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु सुल्तानगंज के पवित्र उत्तरवाहिनी गंगाजल से भरे कलश लेकर यज्ञ स्थल तक पहुंचेंगे। आयोजन में परमश्रद्धेय गुरुदेव श्री श्री 108 जय मंगला बाबा का सानिध्य प्राप्त होगा। साथ ही, 21 अप्रैल से ही अखंड रामायण पाठ की शुरुआत हो जाएगी।
यज्ञ के सफल संचालन के लिए बनारस के आचार्य लाल मोहन शास्त्री अपने 21 सदस्यीय दल के साथ पहुंच रहे हैं। यहां नौ कुंडीय यज्ञशाला का निर्माण किया गया है और परिसर में 108 देवी-देवताओं की दिव्य प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से प्रसिद्ध कथावाचक रामचरित्र दास जी महाराज द्वारा संगीतमय कथा, झांकी और प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म व संस्कृति का संदेश दिया जाएगा।
मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पक्के और लोहे के फ्रेम वाले मजबूत पंडाल बनाए गए हैं। आयोजन के दौरान हर दिन विशाल भंडारा होगा। 1 मई को मुख्य यज्ञ और पूर्णाहुति के बाद महाभंडारा आयोजित किया जाएगा, जबकि 2 मई को रामार्चा पूजा के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत समापन होगा। समिति ने सभी धर्मप्रेमियों से इस पावन उत्सव में शामिल होने की अपील की है।

