
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो क्षेत्र के शंकोसाई, श्याम नगर वासियों को बड़ी राहत देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। स्वर्णरेखा नदी के किनारे श्याम नगर में उस स्थान पर स्लुइस गेट का निर्माण किया जाएगा, जहां बरसात के मौसम में नदी का पानी नाले के जरिए रिहायशी इलाकों में घुस जाता है। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए स्वर्णरेखा परियोजना के मुख्य अभियंता ने विस्तृत प्राक्कलन (Estimate) तैयार कर लिया है।
₹2.38 करोड़ की लागत से बनेगा स्लुइस गेट, जलजमाव से मिलेगी राहत
विधायक सरयू राय ने बताया कि शंकोसाई रोड नंबर एक के अंत में बसे श्याम नगर के निचले इलाके हर साल बाढ़ की चपेट में आ जाते हैं। उन्होंने मुख्य अभियंता के समक्ष स्लुइस गेट का प्रस्ताव रखा था, जिसे अब मंजूरी के लिए रांची सचिवालय में जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख के पास भेज दिया गया है। इस स्लुइस गेट के निर्माण पर लगभग 2 करोड़ 38 लाख 60 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है।
मानगो पुल से गौड़ बस्ती तक नदी तट का होगा सुदृढ़ीकरण
स्लुइस गेट के साथ-साथ विधायक ने मानगो पुल से गौड़ बस्ती तक स्वर्णरेखा नदी के किनारे को सुदृढ़ और व्यवस्थित करने का प्रस्ताव भी दिया है। इस परियोजना पर करीब 9 करोड़ 41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे न केवल तट मजबूत होगा, बल्कि क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी हो सकेगा। मुख्य अभियंता ने पत्रांक 2264 (दिनांक 27.12.2025) के माध्यम से दोनों योजनाओं की फाइल अभियंता प्रमुख को भेज दी है।
अभियंता प्रमुख एम एल पिंगुआ ने दिया जल्द कार्य शुरू करने का आश्वासन
विधायक सरयू राय ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के संबंध में जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख एम एल पिंगुआ से वार्ता की है। श्री पिंगुआ ने आश्वस्त किया है कि वे इन योजनाओं के लिए सरकार से शीघ्र निधि आवंटित कराकर काम शुरू कराएंगे। इससे श्याम नगर के लोगों को वर्षों पुरानी जलजमाव की समस्या से छुटकारा मिलेगा और नदी का किनारा सुरक्षित होगा।

