उदित वाणी, जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र स्थित हावड़ा ब्रिज के समीप मंगलवार देर रात को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बर्मा माइंस से साकची की ओर आ रहा एक हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
बताया जाता है कि हाइवा तेज गति में था। हावड़ा ब्रिज के पास पहुंचते ही चालक वाहन से संतुलन खो बैठा, जिसके बाद हाइवा सीधे डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन डिवाइडर पर ही अटक गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सड़क पर हाइवा फंसने से यातायात प्रभावित हुआ, जिससे कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही धीमी रही। पुलिस ने वाहन को सड़क किनारे हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों को न्योता देती है। लोगों ने प्रशासन से नियमित जांच और गति नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।


