उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के तत्वावधान में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित ‘राजस्थान महोत्सव सह मेला 2026’ की सुगबुगाहट तेज हो गई है। आगामी 17, 18 एवं 19 मई 2026 को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में होने वाले इस त्रि-दिवसीय महोत्सव की तैयारियों को लेकर तुलसी भवन के मानस मंडप सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
तुलसी भवन में सामाजिक संगठनों का महाजुटान
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने की और संचालन महासचिव प्रदीप कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। इस बैठक में जमशेदपुर मारवाड़ी समाज की विभिन्न शाखाओं, सामाजिक संगठनों और गणमान्य समाजबंधुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए उपस्थित लोगों से महत्वपूर्ण सुझाव लिए गए।
समितियों का गठन और पोस्टर विमोचन
महोत्सव की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न समितियों एवं उनके प्रभारियों के नामों की घोषणा की गई। प्रचार-प्रसार को गति देने के उद्देश्य से महोत्सव के पोस्टर एवं बैच का वितरण किया गया। साथ ही, विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधियों को मेले के कूपन उपलब्ध कराए गए ताकि समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
राजस्थानी संस्कृति और कला का अद्भुत संगम
वक्ताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राजस्थानी परंपरा, लोककला, खान-पान और सामाजिक एकता का विराट उत्सव है। गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले इस मेले में:
राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक।
पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारिवारिक मनोरंजन।
प्रमुख गणमान्यों की उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से नंद किशोर अग्रवाल, सुरेश सोंथालिया, विमल अग्रवाल, जिला संरक्षक छितरमल धूत, सांवरमल शर्मा सहित समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को शहर के लिए यादगार बनाने का संकल्प लिया।


