
संगठन की जमीनी मजबूती और चुनावी रणनीति पर होगा फोकस
उदित वाणी, जमशेदपुर : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ‘संगठन सृजन’ अभियान के तहत झारखंड और ओडिशा के जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय आवासीय महाशिविर का आयोजन आज से शुरू हो रहा है। यह शिविर 22 मार्च से 31 मार्च तक पश्चिम सिंहभूम के चाईबासा स्थित ट्राइबल रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित किया जाएगा। पार्टी इसे संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मान रही है।
महाशिविर की सबसे खास बात यह है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी 31 मार्च को शिविर में शामिल होंगे। वे जिला अध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी राजनीतिक चुनौतियों, संगठन की भूमिका और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर मार्गदर्शन देंगे। प्रस्तावित दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
नेतृत्व क्षमता और कार्यशैली को निखारने पर जोर
इस महाशिविर का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि संगठन की जड़ों को मजबूत करना है। इसमें जिला अध्यक्षों की नेतृत्व क्षमता विकसित करने, उनकी कार्यशैली में सुधार लाने और उन्हें क्षेत्रीय स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पार्टी का मानना है कि मजबूत जिला नेतृत्व ही बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बना सकता है।
प्रशिक्षण सत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने की तकनीक, संगठन विस्तार की रणनीति, चुनावी प्रबंधन, मीडिया समन्वय और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों का विश्लेषण कर यह बताया जाएगा कि जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता कैसे बढ़ाई जाए।
इंटरैक्टिव सत्रों के जरिए व्यावहारिक प्रशिक्षण
सूत्रों के अनुसार, शिविर में इंटरैक्टिव सत्र, समूह चर्चा, केस स्टडी और प्रायोगिक प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक ज्ञान भी दिया जाएगा, ताकि वे अपने-अपने जिलों में इन रणनीतियों को प्रभावी ढंग से लागू कर सकें।
प्रदीप यादव समेत कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव रविवार को जमशेदपुर होते हुए चाईबासा पहुंचेंगे। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, वर्तमान व पूर्व मंत्री, विधायक और सांसद भी शिविर में भाग लेंगे।
पंचायत से बूथ स्तर तक संगठन विस्तार की योजना
‘संगठन सृजन’ अभियान के तहत कांग्रेस पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर फोकस कर रही है। प्रत्येक पंचायत में 12 पदाधिकारी, प्रखंड स्तर पर 12 पदाधिकारी और प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 की नियुक्ति के साथ बूथ लेवल कमेटियों का गठन किया जा रहा है।
इसके अलावा जिले के सभी 18 प्रखंडों में नए सिरे से अध्यक्ष और पदाधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है, जो घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
पार्टी विरोधी गतिविधियों पर सख्ती के संकेत
निकाय चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, जिला अध्यक्षों द्वारा ऐसे पदाधिकारियों की सूची प्रदेश नेतृत्व को भेजी गई है, जिनके कार्यों की समीक्षा कर आगे कार्रवाई की जाएगी।
विशेष पहल: परिजनों का भी होगा सम्मान
शिविर के दौरान एक दिन जिला अध्यक्षों के परिजनों को भी आमंत्रित कर उनका सम्मान किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य संगठन से जुड़े परिवारों का मनोबल बढ़ाना और सामूहिक जुड़ाव को मजबूत करना है।
Advertisement
<

