
उदित वाणी, जमशेदपुर: पोटका विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बागबेड़ा कॉलोनी को कचरा मुक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है. क्षेत्रीय विधायक संजीव सरदार के निरंतर प्रयासों और झारखंड विधानसभा में इस मुद्दे को दो बार प्रमुखता से उठाने के बाद, अब कॉलोनी में विधिवत डोर-टू-डोर कचरा उठाव सेवा की शुरुआत हो गई है. इस पहल से वर्षों से स्वच्छता की समस्या झेल रहे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
नारियल फोड़कर कचरा वाहन को किया रवाना
अभियान का शुभारंभ बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित हिल टॉप स्कूल के समीप किया गया. यहाँ पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ नारियल फोड़कर और अगरबत्ती दिखाकर स्वच्छता वाहन को रवाना किया गया. शुरुआत में रोड नंबर 1 से लेकर रोड नंबर 6 तक के सभी घरों से कचरा एकत्रित किया गया. इस सेवा की सबसे खास बात यह है कि सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्रित किया जा रहा है, ताकि कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन किया जा सके.
रखरखाव के लिए तय किया गया मासिक शुल्क
यह सेवा अब बागबेड़ा कॉलोनी में प्रतिदिन संचालित होगी. व्यवस्था को सुचारू और आत्मनिर्भर बनाए रखने के लिए प्रत्येक घर से ₹100 मासिक शुल्क लेने का निर्णय लिया गया है. इस राशि का उपयोग कचरा वाहन के ड्राइवर, मजदूरों, सुपरवाइजर के वेतन और डीजल खर्च के लिए किया जाएगा. स्थानीय लोगों ने इस न्यूनतम शुल्क पर मिलने वाली सेवा का स्वागत किया है.
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का मिला साथ
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सुमित प्रकाश भी मौजूद रहे. उन्होंने निवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि वे घर से ही कचरे को अलग-अलग कर वाहन को सौंपें. स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कॉलोनी के लिए एक स्थायी समाधान साबित होगा.
कार्यक्रम में इनकी रही मुख्य उपस्थिति: इस अवसर पर झामुमो जमशेदपुर प्रखंड सचिव जगत माड़ी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू, पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया उमा मुंडा, मायावती टुडू, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य सीमा पांडे, कुमुद रंजन सिंह और कांग्रेस बागबेड़ा मंडल अध्यक्ष राज नारायण यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

