
उदित वाणी, देवघर: देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में पंडा धर्मरक्षिणी सभा के सदस्यों के साथ श्रावणी मेला, 2023 की तैयारियों से संबंधित विचार विमर्श व सुझावों के संदर्भ में बैठक का आयोजन किया गया.
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला 2023 की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को एक अच्छी अनुभूति के साथ हर संभव सुविधा मुहैया करायी जा सके. इसके अलावे बैठक के दौरान पंडा धर्मरक्षिणी सभा की सहमति से राजकीय श्रावणी मेला के दौरान वीआईपी, वीवीआईपी दर्शन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
साथ ही श्रावणी मेला के दौरान पूर्व की तरह 500 रुपये शीघ्र दर्शनम कूपन की राशि निर्धारित रहेगी. श्रावणी मेला व मलमास के दौरान किये जाने वाले विभिन्न इंतजामों पर विस्तृत चर्चा की गयी.
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र जाट, अनुमंडल पदाधिकारी सह मंदिर प्रभारी दीपांकर चौधरी, पंडा धर्मरक्षिणी के महामंत्री कार्तिक नाथ ठाकुर एवं पंडा धर्मरक्षिणी के सदस्य सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित थे.

