
उदित वाणी, जमशेदपुर: मानगो स्थित एनएच-33 पर बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण कार्य से उठती धूल ने स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। भीषण गर्मी के बीच नियमित जल छिड़काव नहीं होने के कारण हालात इतने खराब हैं कि कुछ फीट की दूरी तक भी साफ दिखाई नहीं देता, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
दुकानदारों और टेंपो चालकों की परेशानी चरम पर है। धूल के कारण लोगों का दम घुटने लगा है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर रविवार को आखिरकार स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह के नेतृत्व में लोग निर्माण स्थल पर पहुंचे और विरोध जताते हुए मशीनों और अभियंता को रस्से से बांधकर काम बंद करवा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही निर्माण एजेंसी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तत्काल जल छिड़काव शुरू कराया। विकास सिंह ने जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए सांसद और विधायक से कार का शीशा खोलकर क्षेत्र का दौरा करने की अपील की, ताकि वे जमीनी हकीकत समझ सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक धूल की समस्या से लोगों को राहत नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

