
अभाविप ने किया विरोध-प्रदर्शन
उदित वाणी, जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों का इन दिनों छात्र संगठनों के साथ छत्तीस का आंकड़ा चल रहा है. कभी आजसू छात्र संघ विरोध प्रदर्शन कर रहा तो कभी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप).
गुरुवार को अभाविप के छात्र नेताओं ने कोल्हान विवि मुख्यालय में परीक्षा नियंत्रक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. अभाविप ने परीक्षा नियंत्रक पर आरोप लगाया कि परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजय कुमार चौधरी ने विद्यार्थियों के साथ दुर्व्यवहार किया और अपनी शिकायत लेकर पहुंचे छात्रों से धमकी भरे लहजे में बातचीत की.
उनके इस रवैये के खिलाफ तुरंत अभाविप के कार्यकर्ता उन्हीं के कक्ष के बाहर हंगामा करने लगे और कुलपति से परीक्षा नियंत्रक पर कार्रवाई करने की मांग करने लगे. दरअसल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के छात्र प्रतिनिधि गुरुवार को परीक्षा से संबंधित कई समस्याओं को लेकर परीक्षा नियंत्रक से मिलने पहुंचे थे.
इस दौरान कथित तौर पर परीक्षा नियंत्रक छात्र नेताओं पर भड़क गए और उनके साथ दुर्व्यवहार किया. इसपर अभाविप के नेता बापन घोष के नेतृत्व में छात्रों ने कोल्हान विवि में हंगमा शुरू कर दिया.
इसके बाद वे कुलपति प्रो. गंगाधर पंडा से मिलने पहुंचे और छात्र-छात्राओं से दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत की. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने कुलपति से परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजय चौधरी के खिलाफ कार्रवाई करने, उन्हें पद से हटाने की मांग की.
कहा कि पिछले कई बार विद्यार्थियों ने उनसे परीक्षा से संबंधित मामलों को लेकर मिलने की कोशिश की है और हर बार ही उन्होंने विद्यार्थियों के साथ दुर्व्यवहार किया है.
बापन घोष ने कहा कि विवि की ओर से उनके खिलाफ उचित निर्णय न लिए जाने के कारण उनके द्वारा बार-बार छात्र-छात्राओं और छात्र प्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है. हंगामा करते हुए छात्रों ने इस मामले की जांच कराने की मांग की। कहा कि परीक्षा नियंत्रक ने छात्रों को परिणाम भुगतने की भी चेतावनी दी है.
विद्यार्थी परिषद् के नेता बापन घोष ने आरोप लगाया कि जब भी परीक्षा नियंत्रक से परीक्षा से संबंधित कोई समस्या बताई जाती है तो वे नकारात्मक रुख दिखाते हुए पल्ला झाड़ लेते हैं और यह कहते हुए कि यह मेरा काम नहीं है, छात्र प्रतिनिधियों को कार्यालय से भगा देते हैं. परिषद ने कहा कि इस मामले की शिकायत वे राज्यपाल से भी करेंगे.
हंगामें में परिषद् के प्रदेश सह मंत्री शशि भूषण रजक, राहुल कुमार, अमन, अनिकेत,मेधा, खुसबू आदि लोग उपस्थित थे. इस मामले में परीक्षा नियंत्रक से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.
Advertisement
<

