उदित वाणी, जमशेदपुर : जिला जनसंपर्क कार्यालय सभागार में जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को लेकर निबंधित कलादलों के साथ एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जिला सांख्यिकी सह जनगणना पदाधिकारी श्री मोजाहिद अंसारी और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री पंचानन उरांव ने कलादलों को प्रभावी प्रचार-प्रसार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
16 मई से शुरू होगा जनगणना का प्रथम चरण
झारखंड राज्य में जनगणना 2027 का पहला चरण 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा. इस चरण के दौरान मुख्य रूप से मकानों की सूची तैयार की जाएगी और मकानों की गणना का कार्य पूरा किया जाएगा. अधिकारियों ने बताया कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसके आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की विकास योजनाओं का निर्माण किया जाता है.
स्व-गणना (Self Enumeration) के लिए 15 मई आखिरी दिन
नागरिकों की सुविधा के लिए इस बार स्व-गणना (Self Enumeration) की विशेष व्यवस्था की गई है. जनगणना पदाधिकारी ने अपील की कि नागरिक 15 मई 2026 तक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी स्वेच्छा से दर्ज कर सकते हैं. जो नागरिक ऑनलाइन स्व-गणना पूर्ण कर लेंगे, उन्हें प्रगणकों के आने पर केवल अपनी SE-ID दिखानी होगी.
प्रगणक पूछेंगे 33 सवाल, नहीं मांगेंगे कोई दस्तावेज
16 मई से शुरू होने वाले अभियान में प्रगणक घर-घर जाकर कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी संकलित करेंगे. महत्वपूर्ण बात यह है कि इस प्रक्रिया के दौरान नागरिकों से किसी भी प्रकार के दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी. जानकारी केवल परिवार के मुखिया के मोबाइल नंबर के आधार पर ऑनलाइन प्रविष्ट की जाएगी.
प्रगणकों द्वारा पूछे जाने वाले प्रमुख सवाल:
भवन और जनगणना मकान नंबर.
मकान के फर्श, दीवार और छत में प्रयुक्त सामग्री.
मकान का उपयोग (आवासीय/व्यावसायिक) और उसकी स्थिति.
परिवार के मुखिया का नाम, लिंग और वर्ग (SC/ST/अन्य).
पेयजल का स्रोत, प्रकाश का स्रोत, और शौचालय की उपलब्धता.
रसोईघर, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन और खाना पकाने का मुख्य ईंधन.
सुविधाएं: रेडियो, टीवी, इंटरनेट, कंप्यूटर, मोबाइल/स्मार्टफोन.
वाहन: साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, कार/जीप.
उपभोग किया जाने वाला मुख्य अनाज और मोबाइल नंबर.
भ्रांतियों को दूर करने और जागरूकता पर जोर
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने कलादलों को निर्देश दिया कि वे समुदाय स्तर पर जाकर जनगणना से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करें और लोगों को प्रगणकों का सहयोग करने के लिए प्रेरित करें. इसके अतिरिक्त, इस अभियान के माध्यम से नागरिकों को वर्तमान मौसम को देखते हुए लू (Heatwave) और वज्रपात (Lightning) से बचाव के प्रति भी जागरूक किया जाएगा.


