
उदित वाणी, पटमदा: रविवार को पटमदा पहुंचे झारखंड आंदोलनकारी चिन्हितीकरण आयोग के सदस्य भुवनेश्वर महतो ने दुर्योधन महतो के आवास पर बैठक की। इस दौरान पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड के दर्जनों आंदोलनकारी शामिल हुए। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में भुवनेश्वर महतो ने कहा कि जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पटमदा एवं बोड़ाम से चिह्नित हुए हैं। प्रमाण पत्र बहुत लोगों को नहीं मिला है।
संपुष्ट सूची में नाम शामिल हैं इसके बावजूद इन लोगों को प्रशस्ति पत्र नहीं मिलने से इनके मन में कन्फ्यूजन था। महतो ने कहा कि अभी मैंने उपायुक्त के प्रधान सहायक से बात किया तो बताया गया कि बहुत जल्द बाकी बचे आंदोलनकारियों को भी प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। जो भी बाकी बचे लोग हैं, उनका कार्य प्रक्रियाधीन है। पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले का 2200 बाकी है, उनमें से पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड का करीब 1200 बाकी है।
उन्होंने कहा कि सभी चिन्हित आंदोलनकारी परिवार के आश्रितों को राज्य सरकार की विभिन्न नौकरियों में 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा। साथ ही सभी आंदोलनकारियों को समान पेंशन की व्यवस्था के लिए सरकार ने इस बार के बजट में एक हजार करोड़ का आवंटन किया है। सभी को समान पेंशन और सम्मान मिलेगा। वर्तमान में तीन कैटेगरी के तहत 3500, 5000 और 7000 की पेंशन राशि का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आंदोलनकारियों के लिए साढ़े 4 लाख तक स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ भी मिलेगा।
इसके लिए आवेदन देने पर सरकार विचार करेगी। मौके पर मुख्य रूप से दुर्योधन महतो, मनबोध महतो, रसराज महतो, मलिंद्र सिंह, श्यामापद रजक, सुनील मुर्मू, अमर गोप, अजीत महतो, सुल्तान अंसारी, आनंदमय महतो, बंक बिहारी महतो, मदन टुडू, गोपाल माहली, प्रणव महतो, पेलाराम सिंह व बाबलू दत्त आदि मौजूद थे।

