
उदित वाणी, जमशेदपुर : भुइयांडीह इलाके में सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान दर्जनों घरों को तोड़े जाने के विरोध में सोमवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की जिला इकाई ने जिला मुख्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन कर रहे जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी को सड़क चौड़ीकरण से नहीं, बल्कि उसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया से आपत्ति है. उनका कहना था कि भुइयांडीह में वर्षों से बसे गरीब और मजदूर परिवारों के घर तोड़े जाने से पहले प्रशासन को पुनर्वास की वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी. बिना योजना और तैयारी के लोगों को बेघर करना अमानवीय कदम है, जिससे कई परिवारों के सामने रहने और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.
जदयू नेताओं ने प्रशासन से पूरे प्रकरण पर पुनर्विचार करने और प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल पुनर्वास योजना लागू करने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि प्रभावित परिवारों को जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
पार्टी ने यह भी मांग की कि भविष्य में किसी भी विकास परियोजना के अमल से पहले जनसुनवाई आयोजित की जाए और जनहित को प्राथमिकता दी जाए, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न झेलनी पड़े.
गौरतलब है कि इस मामले में पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी नाराज़गी जता चुकी हैं, मगर प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है.

