
उदित वाणी, जमशेदपुर: भारत सरकार के संचार मंत्रालय के अधीन डाक विभाग (सिंहभूम मंडल) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की “ढाई अक्षर” पत्र लेखन प्रतियोगिता 2025 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जमशेदपुर के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, साकची की छात्रा तनीषा कुमारी पांडेय ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय और पूरे शहर का नाम रोशन किया है।
स्कूल पहुंचकर डाक विभाग के अधिकारियों ने किया सम्मानित
तनीषा की इस उपलब्धि पर सोमवार को डाक विभाग के अधिकारियों ने विद्यालय परिसर पहुंचकर उन्हें 10,000 रुपये की पुरस्कार राशि का चेक प्रदान किया। इस गौरवशाली क्षण में स्कूल की प्राचार्य मंजू सिन्हा, मैनेजर शुभेंदु मजूमदार, शिक्षक रंजीत पासवान समेत विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। सभी ने तनीषा की रचनात्मकता और लेखन क्षमता की सराहना की।
चाईबासा की सौम्या जागृति गिरी को मिला तीसरा स्थान
प्रतियोगिता में सिंहभूम क्षेत्र का दबदबा कायम रहा। महिला कॉलेज, बीएड विभाग, चाईबासा की छात्रा सौम्या जागृति गिरी ने प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया है। उन्हें पुरस्कार स्वरूप 5,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
पत्र लेखन की परंपरा को पुनर्जीवित करने का प्रयास
डाक विभाग के अनुसार, “ढाई अक्षर” प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में पत्र लेखन की पारंपरिक विधा को प्रोत्साहित करना और उनमें सृजनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना है। विभाग ने इस आयोजन के माध्यम से एक बार फिर पत्र लेखन के महत्व को रेखांकित किया है।

