
उदित वाणी जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के न्यू लेआउट स्थित एक अपार्टमेंट में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों से जुड़े दो व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाना बुलाया, जहां उनसे घटना के हर पहलू पर विस्तार से जानकारी ली गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों पक्ष अपने-अपने आरोपों पर कायम रहे और एक-दूसरे को घटना का जिम्मेदार ठहराते रहे। ऐसे में मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस अब केवल मौखिक बयानों पर निर्भर नहीं रहना चाहती, बल्कि तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ले रही है।
घटना स्थल यानी अपार्टमेंट परिसर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इन फुटेज के जरिए यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की शुरुआत किसने की और मारपीट की असली वजह क्या थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई है, ताकि स्थिति और न बिगड़े।

