
उदित वाणी,जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित रोड नंबर चार में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 16 वर्षीय आदित्य झा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, आदित्य को आनन-फानन में इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
थाना प्रभारी फैज अकरम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को एक युवती आदित्य के घर आई थी। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद भावनात्मक रूप से आहत आदित्य ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस के अनुसार, अभी तक इस मामले में थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से देखते हुए आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।
घटना के बाद आदित्य के शव को पोस्टमार्टम के लिए टीएमएच के शव गृह में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस जांच में जुटी है।

