
उदित वाणी, जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह जिला स्कूल के समीप गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सुवर्णरेखा नदी में एक युवक का शव तैरता हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान आदर्शनगर निवासी संतोष कुमार (45) के रूप में हुई है, जो बीते 15 अप्रैल की रात से लापता था।
परिजनों के अनुसार संतोष की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी और वह अविवाहित था। उसके अचानक गायब हो जाने के बाद परिवार के लोग लगातार अपने स्तर पर उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। गुरुवार सुबह जब परिजन नदी किनारे पहुंचे तो उन्होंने पानी में शव को तैरते देखा, जिससे उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना तुरंत सिदगोड़ा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
