
उदित वाणी, जमशेदपुर: कोल्हान प्रमंडल समेत पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले में सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं. लगातार बढ़ती गर्मी और लू (Heat Wave) के खतरे ने स्कूली बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है. इसी को देखते हुए अब जिले में स्कूलों के संचालन समय में बदलाव की मांग जोर पकड़ने लगी है.
41 डिग्री पहुंचा पारा, मौसम विभाग ने जारी किया ‘यलो अलर्ट’
जमशेदपुर में दोपहर का तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. रांची मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पारा 3 से 4 डिग्री और चढ़ने की संभावना जताई है, जिसे देखते हुए हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है.
दोपहर 1:30 बजे तक स्कूल, बीमार पड़ रहे बच्चे
वर्तमान में सरकारी और निजी स्कूलों की कक्षाएं दोपहर 1:30 बजे तक चल रही हैं. यह दिन का वह समय होता है जब धूप और लू का प्रकोप सबसे अधिक होता है. अभिभावकों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि छुट्टी के समय तेज धूप के कारण बच्चों के बीमार होने की आशंका काफी बढ़ गई है.
सुबह 11:30 बजे तक स्कूल करने की मांग
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन से मांग की गई है कि सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों का समय सुबह 6:30 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक निर्धारित किया जाए. स्थानीय लोगों का मानना है कि समय में कटौती करने से बच्चों को चिलचिलाती धूप से राहत मिलेगी.
जिला प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की अपील
बढ़ते तापमान और स्वास्थ्य जोखिमों को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से इस दिशा में अविलंब आदेश जारी करने की अपील की है. फिलहाल सभी की नजरें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं.

