
उदित वाणी जमशेदपुर : शहर में लगातार बढ़ रही फायरिंग की घटनाओं ने पुलिस महकमे की चिंता बढ़ा दी है। हालात को नियंत्रित करने के लिए अब पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किसपोट्टा ने शुक्रवार को जिला पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक कर कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
इस महत्वपूर्ण बैठक में एसएसपी, सिटी एसपी सहित जिले के सभी वरीय पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य फोकस पूर्वी सिंहभूम जिले में हाल के दिनों में हुई फायरिंग की घटनाओं पर रहा। डीआईजी ने एक-एक मामले की विस्तृत समीक्षा करते हुए जांच की प्रगति और अब तक हुई गिरफ्तारियों की जानकारी ली।
डीआईजी अनुरंजन किसपोट्टा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी।
इसके साथ ही उन्होंने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया। गश्ती व्यवस्था को तेज करने, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और आपराधिक घटनाओं पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने कहा कि पुलिस टीम आपसी समन्वय के साथ काम करे ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
बैठक के बाद यह साफ संकेत मिला है कि जमशेदपुर पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने जा रही है और शहर में कानून-व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

