उदित वाणी जमशेदपुर : शहर में अवैध जुआ और प्रतिबंधित लॉटरी कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके से नकद राशि, प्रतिबंधित लॉटरी टिकट और ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में बेचैनी बढ़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात बिष्टुपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि धतकीडीह हरिजन बस्ती में मुन्ना घोष के घर के समीप अवैध तरीके से जुआ और लॉटरी का संचालन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कदमा निवासी मो. तनवीर जाफर तथा धतकीडीह निवासी मो. कमरुद्दीन और मो. तनवीर कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी में करीब 10 हजार रुपये नकद, प्रतिबंधित बंगाल लॉटरी के टिकट और ताश के पत्ते जब्त किए गए।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी झारखंड में प्रतिबंधित बंगाल लॉटरी के अवैध कारोबार से जुड़े थे। इस मामले में बिष्टुपुर थाना में पुलिस अवर निरीक्षक सूरज कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले कदमा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों में राजन गुप्ता उर्फ राजन, राजेश कुमार तुरहा उर्फ बड़कू, गोविंद कुमार साह, दीपक कुमार उर्फ दीपु, बंटी कुमार गुप्ता, बंटी कुमार तुरहा उर्फ लल्लन, सुखदेव सिंह और ललन कुमार ठाकुर उर्फ आजाद ठाकुर शामिल थे।
लगातार दो दिनों से चल रही पुलिस कार्रवाई यह संकेत दे रही है कि जमशेदपुर पुलिस शहर में अवैध जुआ और लॉटरी कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है तथा आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज हो सकता है।


