उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नगर रोड नंबर–15 के आकाश ग्रीन अपार्टमेंट में शुक्रवार को एक महिला की आत्महत्या की घटना से सनसनी फैल गई। गौरी ए ब्लॉक के फ्लैट नंबर 504 में रहने वाली गौरी नाग ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के मुताबिक, गौरी नाग पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। शुक्रवार को घटना के वक्त उनके पति और बेटी घर में ही मौजूद थे। इसी दौरान वह अपने कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों को आशंका हुई।
परिजनों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बाद में जब दरवाजा खोला गया तो कमरे का नजारा देखकर परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। गौरी नाग कमरे के अंदर फंदे से झूलती मिलीं।
घटना की सूचना तत्काल मानगो थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस प्रारंभिक तौर पर मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। वहीं, आसपास के लोगों में घटना को लेकर शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई है।


