
उदित वाणी, जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां पुलिस ने पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में जिले के दो सक्रिय वाहन चोर गिरोहों का भंडाफोड़ किया। इस दौरान 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, 4 नाबालिगों को निरुद्ध किया गया और 17 चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक पिकअप वैन बरामद की गई।
शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी ने बताया कि पहला मामला आदित्यपुर थाना क्षेत्र का है। यहां टाटा–कांड्रा मेन रोड स्थित लाल बिल्डिंग के पास से दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी की कई घटनाओं को स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर सात मोटरसाइकिल और एक पिकअप वैन बरामद की गईं तथा छह अन्य आरोपी गिरफ्तार किए गए।
दूसरा मामला कुचाई थाना क्षेत्र का है। गोपीडीह चौक के पास वाहन जांच के दौरान छह संदिग्ध चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों ने सात और बाइक चोरी कर छिपाने की बात स्वीकार की। इसमें से दो को गिरफ्तार और चार नाबालिगों को निरुद्ध किया गया।
एसपी ने बताया कि यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में हुई। उन्होंने कहा कि जिले में वाहन चोरी पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और सख्ती बरती जाएगी।

