
उदित वाणी, जमशेदपुर : शुक्रवार सुबह डोबो पुल पर उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने एक युवक को पुल से नीचे छलांग लगाते देखा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना सोनारी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। युवक की पहचान सूरज गोराई (पिता- शंकर गोराई) के रूप में हुई है, जो श्यामनगर गम्हरिया का निवासी था और आरएसबी कंपनी में काम करता था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात से ही सूरज की बुलेट बाइक (नंबर जेएच 05 ईबी 6790) पुल पर खड़ी थी। सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने उसे पुल से छलांग लगाते देखा। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि डोबो पुल से इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। आत्मघाती कदम उठाने के लिए यह पुल कुख्यात बन चुका है। पूर्व में हुई घटनाओं के बाद प्रशासन ने पुल पर ऊंची जाली लगाने की घोषणा की थी, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया। यही वजह है कि लोग प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सूरज ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है और शहरवासियों को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक पुल पर पुख्ता इंतज़ाम नहीं होते, तब तक ऐसे हादसों को रोकना मुश्किल होगा।

