
उदित वाणी, जमशेदपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में निवास करने वालों को शीघ्र हीं आवारा कुत्तों के आतंक से मुक्ति मिल सकती है. आम लोगों को आवारा कुत्तों के आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम के द्वारा आवारा कुत्तों की धर पकड़ शुरु कर दी गई है. इस हेतु नगर निगम ककी टीम के द्वारा अलग अलग वार्ड में अभियान शुरु कर दिया गया है.
अभियान के तहत गठित टीम के द्वारा जहां पिंजड़ा जाली (घोघी) की मदद से कुत्तों को पकड़ा जा रहा है और उसके बाद उन्हें सुरक्षित वाहन में बन्द कर अन्यत्र ले जाया जा रहा है. वहीं, टीम की ओर से बताया गया कि नगर निगम के द्वारा आवारा कुत्तों का बंध्याकरण (नसबंदी) कराने के बाद उन्हें छोड़ दिया जाएगा.

उल्लेखनीय है कि आवारा कुत्तों के आतंक की वजह से आम लोगों काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी. वहीं, अलग अलग क्षेत्र में आवागमन के क्रम में आम लोगों के ऊपर आवारा कुत्तों द्वारा अचानक झपटने अथवा काटने की घटना भी लगातार घटित हो रही थी. आवारा कुत्तों से बचाव के क्रम में आम लोगों को अक्सर चोटिल भी होना पड़ रहा था. बचने के लिए छिपते दिखे आवारा कुत्ते नगर निगम के द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान आवारा कुत्तों में भय और दहशत का माहौल भी देखने को मिला. नगर निगम की टीम को कुत्तों को पकड़ते हुए देखकर अन्य कुत्ते भाग खड़े हुए. वहीं, वाहनों के नीचे अथवा अन्य स्थानों पर छिपकर आवारा कुत्ते नगर निगम की टीम पर नजर रख रहे थे, ताकि वे अपना बचाव कर सकें.

